सोमवार को शेयर बाजार में तेजी का दौर जारी रहा और सेंसेक्स-निफ्टी ने एक नया कीर्तिमान बनाया। वहीं रुपये में मजबूती देखने को मिली। सेंसेक्स 232 अंक की मजबूती के साथ 37,789 के स्तर पर और निफ्टी 60 अंक उछलकर 11,420 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में भी 0.5 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.75 फीसदी तक उछला है।
बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 222.03 अंक की बढ़त के साथ 37,778.19 पर चल रहा था। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 11,400 की नयी ऊंचाई तय कर चुका था।
मिडकैप शेयरों में अदानी पावर, यूनाइटेड ब्रुअरीज, वॉकहार्ट और ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेस 4.1-2.3 फीसदी तक चढ़े हैं। स्मॉलकैप शेयरों में इंडो रामा सिंथेटिक, पूर्वांकरा, वेंकीज, सेरा सैनिटरी और संगम इंडिया 7.1-6.5 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।
दिग्गज शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टाइटन, टाटा मोटर्स, अदानी पोर्ट्स और यस बैंक 2.5-1.2 फीसदी तक उछले हैं।
रुपये की विनिमय दर में आज दूसरे दिन भी तेजी का रुझान दिखा। प्रारंभिक कारोबार में यह डालर के मुकाबले छह पैसा चढ़ कर 68.54 रुपए प्रति डालर पर चल रहा था।
घरेलू शेयर बाजारों में रिकार्ड तेजी की खबरों के बीच निर्यातकों और बैंकों ने अमेरिकी मुद्रा की बिक्री बढ़ा रखी थी। विदेशी विनिमय बाजार के कारोबारियों ने कहा कि डालर की बिकवाली का जोर बने रहने तथा शेयर बाजारों में तेजी के समाचार से रुपए के प्रति धारणा मजबूत हुई।
लेकिन कुछ प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डालर की मजबूती से रुपये की तेजी पर कुछ अंकुश लगा। शुक्रवार को रुपया 10 प्रतिशत मजबूत होकर 68.60 प्रति डालर पर बंद हुआ।