हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार ने दम दिखाया है। शुक्रवार के दिन सेंसेक्स 899.62 अंकों की बढ़त के साथ 59,808.97 अंकों पर पहुंच गया। निफ्टी में 272.45 अंकों की बढ़त दर्ज की गई और यह 17594.35 अंकों के लेवल पर कारोबार करते हुए बंद हुआ। शुक्रवार को कारोबारी सेशन के दौरान अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 16 प्रतिशत का उछाल आया। वहीं यूनियन बैंक के शेयर नौ प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
अदाणी के सभी शेयरों में बढ़त, 6 अपर सर्किट में
अदाणी समूह के सभी शेयरों में तेजी बनी हुई है। शुक्रवार को 10 कंपनियों के शेयरों में 6 में अपर सर्किट रहा। अदाणी इंटरप्राइजेज सर्वाधिक 16.97 फीसदी बढ़त में रहा। शेयरों में तेजी से समूह की बाजार पूंजी 68,000 करोड़ बढ़कर 8.54 लाख करोड़ पहुंच गई। इससे गौतम अदाणी की संपत्ति 5.4 अरब डॉलर बढ़कर 43.3 अरब डॉलर पहुंच गई।
एलआईसी ने की नुकसान की भरपाई
अदाणी समूह के शेयरों में लगातार तीसरे दिन तेजी से भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने अपने नुकसान की भरपाई कर ली। समूह में एलआईसी का निवेश मूल्य 24 फरवरी को घटकर 29,893.13 करोड़ रह गया, जबकि खरीद मूल्य 30,127 करोड़ रुपये था। अब एलआईसी का निवेश मूल्य शुक्रवार के बंद भाव पर 39,068.34 करोड़ रुपये है। इस तरह, उसे करीब 9,000 करोड़ का लाभ हो रहा है।
फिक्स्ड इनकम के लिए लंदन, दुबई व अमेरिका में रोड शो
हिंडनबर्ग रिपोर्ट से उपजी अनिश्चितता दूर करने और फिक्स्ड इनकम निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अदाणी समूह 7 से 15 मार्च तक लंदन, दुबई और अमेरिका सहित कई देशों में रोड शो आयोजित करेगा। वहीं, रेटिंग एजेंसी इक्रा ने अदाणी पोर्ट्स के परिदृश्य को संशोधित कर नकारात्मक कर दिया है।
रुपया 63 पैसे मजबूत, एक महीने के उच्च स्तर पर
डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 63 पैसे मजबूत होकर एक महीने के उच्च स्तर 81.97 पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में उछाल और ताजा विदेशी निवेश से धारणा मजबूत हुई, जिससे रुपये को समर्थन मिला। सेवा क्षेत्र में मजबूत पीएमआई आंकड़ों से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.28 पर खुला।