शेयर बाजार में उछाल का सिलसिला जारी है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भी सेंसेक्स 500 अंकों तक उछला और आखिरकार 486.49 (0.75%) अंकों की बढ़त के साथ पहली बार 65 हजार के पार 65,205.05 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर निफ्टी 133.50 (0.70%) अंकों की बढ़त के साथ 19,322.55 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। दोनों की इंडेक्स पहली बार इस लेवल पर बंद हुए। सोमवार के कारोबारी सेशन के दौरान शेयर बाजार में चौतरफा खरीदारी दिखी। बाजार की जबरदस्त तेजी में पीएसयू बेंक, फाइनेंशियल और मेटल सेक्टर के स्टॉक सबसे आगे रहे। सोमवार के कारोबारी सेशन के दौरान रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे मजबूत होकर 81.95 (अनंतिम) पर बंद हुआ।
सोमवार को बाजार बंद होते समय सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर ये रहे

निफ्टी बैंक भी पहली बार 45000 के पार पहुंचा
सोमवार के कारोबारी सेशन के दौरान निफ्टी बैंक पहली बार 45000 के लेवल के पार पहुंचा और 410.75 (0.92%) अंकों की बढ़त के साथ 45,158.10 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक के अलावा एफएमसीजी, एनर्जी, मेटल्स, इंफ्रा, मीडिया और रियल एस्टेट सेक्टर के शेयरों में भी मजबूती दिखी। वहीं ऑटो, आईटी, फार्मा, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। निफ्टी के मिड कैप और स्मॉल कैप इंडेक्स भी हरे निशान पर बंद होने में सफल रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 15 शेयर तेजी के साथ तो 15 गिरकर गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर निफ्टी के 50 शेयरों में 24 शेयर हरे निशान पर बंद होने में सफल रहे।
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 298.21 लाख करोड़ रुपये हुआ
शेयर बाजार में बुल्स के लगातार हावी रहने के बीच सोमवार को बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप अपने रिकॉर्ड हाई 298.21 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोमवार को सेंसेक्स पहली बार 65,000 का लेवल पार कर गया। सेंसेक्स ने लगातार चौथे कारोबारी सेशन में बढ़त हासिल की। सोमवार के कारोबार के बाद बीएसई की लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 2,98,21,576.81 करोड़ रुपये हो गया। बाजार में तेजी के बीच निवेशकों की संपत्ति में 7.54 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हो गया।
राजीव जैन की जीक्यूजी पार्टनर्स ने अदाणी ट्रांसमिशन में 3% हिस्सेदारी बढ़ाई
राजीव जैन की जीक्यूजी पार्टनर्स ने अदाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड में 2,633 करोड़ रुपये में अतिरिक्त 3% हिस्सेदारी खरीदी है, इससे कंपनी में इसकी कुल हिस्सेदारी 6.54% हो गई। अदाणी समूह की कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में कहा कि जीक्यूजी पार्टनर्स ने 30 जून को प्रवर्तक इकाइयों से कंपनी के इक्विटी शेयर खरीदे थे, जिससे उसकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर कंपनी की कुल पूंजी का 6.54 प्रतिशत हो गई।