शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और प्रमुख शेयर बाजारों सेंसेक्स में करीब 504 अंक की गिरावट दर्ज की गई। इसका कारण ब्लू-चिप बैंक शेयरों और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली तथा विदेशी पूंजी की लगातार निकासी थी।
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90 रुपये प्रति डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर को छूने के बाद 42 पैसे की गिरावट के साथ 89.95 रुपये (अनंतिम) के सर्वकालिक निम्न स्तर पर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें: AI: 'एआई से दुनिया में बढ़ सकती है असमानता, समाज में महा-विभाजन लौटने का खतरा', यूएन की रिपोर्ट में दावा
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और लार्सन एंड टुब्रो सबसे ज्यादा पिछड़े। वहीं, एशियन पेंट्स, मारुति, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस लाभ में रहे।
एशियाई बाजारों में, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजारों में बढ़त दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.33 प्रतिशत गिरकर 62.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,171.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,558.93 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।