भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को हरे निशान पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में तेजी देखने को मिली क्योंकि उम्मीद से कम अमेरिकी मुद्रास्फीति ने इस साल फेड ब्याज दरों में कटौती की संभावना फिर से जगा दी हैं। विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार समझौते की संभावनाओं और ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह ने भी बाजार की आशा को बढ़ाया।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 566.96 अंक या 0.67 प्रतिशत उछलकर 84,778.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 720.2 अंक या 0.85 प्रतिशत बढ़कर 84,932.08 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 170.90 अंक या 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,966.05 पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में व्यापक मजबूती और आयातकों की माह के अंत में डॉलर की मांग के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 43 पैसे टूटकर 88.26 (अनंतिम) पर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें: AGR: वोडाफोन-आइडिया को एजीआर विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने दी बड़ी राहत, सरकार को बकाया मांगों पर विचार की अनुमति
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटर्नल, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक प्रमुख लाभ में रहे। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंफोसिस और बजाज फाइनेंस पिछड़ गए।
क्षेत्रीय सूचकांकों में पीएसयू बैंक सूचकांक ने बेहतर प्रदर्शन किया और 2.76 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि रक्षा और मीडिया शेयरों में मुनाफावसूली के कारण गिरावट आई।
यूरोपीय बाजारों में रहा मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग तेजी से ऊपर बंद हुए। यूरोप के बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता में प्रगति के कारण घरेलू बाजार में व्यापक सुधार देखा गया। अमेरिका में उम्मीद से कम उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़ों ने इस सप्ताह फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है, जिससे निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर कम होती चुनौतियों और मजबूत घरेलू सुधारों ने घरेलू आय वृद्धि के संकेत दिए हैं और मौजूदा प्रीमियम मूल्यांकन को उचित ठहराया है।"
ब्रेंट क्रूड का भाव घटकर 65.38 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.85 प्रतिशत घटकर 65.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 621.51 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। शुक्रवार को सेंसेक्स 344.52 अंक या 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,211.88 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 96.25 अंक या 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,795.15 पर बंद हुआ।