अमेरिकी फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के चलते गुरुवार को शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुए। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 826.23 अंक या 1.04 प्रतिशत उछलकर 83,467.66 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,010.05 अंक या 1.22 प्रतिशत बढ़कर 83,615.48 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 261.75 अंक या 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,585.30 पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और एचडीएफसी बैंक प्रमुख लाभ में रहे। वहीं, इटर्नल और इंफोसिस पिछड़ गए।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.49 प्रतिशत, जापान का निक्केई 225 सूचकांक 1.27 प्रतिशत और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़ा। हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार अधिकतर बढ़त के साथ बंद हुए।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "सकारात्मक वैश्विक संकेतों और भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर नए आशावाद से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों ने अपनी मजबूत रिकवरी रैली को जारी रखा। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में मांग में सुधार की उम्मीद, एफआईआई प्रवाह के शुरुआती संकेत, अमेरिकी फेड की नरम टिप्पणी और डॉलर सूचकांक में नरमी से धारणा को और बल मिला।"
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल आज व्यापार वार्ता के लिए अमेरिका में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शामिल होंगे। भारत ने अमेरिका से ऊर्जा आयात बढ़ाने की अपनी तत्परता का संकेत दिया है। भारतीय वार्ता दल व्यापार वार्ता के लिए पहले ही वाशिंगटन में मौजूद है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.57 प्रतिशत बढ़कर 62.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 68.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 4,650.08 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।