पांच में गिरावट के पांच बड़े कारण क्या?
- अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में रिकॉर्ड उछाल
वैश्विक बॉन्ड मार्केट में मची बिकवाली के कारण 10-वर्षीय अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड 15 बेसिस अंक बढ़कर 19 साल के उच्चतम स्तर 5.11% पर पहुंच गई है। ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे रहने की आशंका से विदेशी निवेशक भारतीय बाजारों जैसे उभरते बाजारों से अपना पैसा निकालकर सुरक्षित अमेरिकी बॉन्ड में लगा रहे हैं।
- कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतें बढ़कर 102 से106 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गई हैं। भारत अपनी जरूरत का 80% से अधिक कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने से देश का आयात बिल बढ़ने, वित्तीय घाटा होने और घरेलू स्तर पर महंगाई बढ़ने की चिंताएं गंभीर हो गई हैं।
- बैंकिंग और इंश्योरेंस सेक्टर में भारी बिकवाली
घरेलू स्तर पर, भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) द्वारा इंश्योरेंस एजेंटों के कमीशन कैप और डिस्ट्रीब्यूशन पेआउट्स में कटौती के प्रस्ताव ने बाजार में घबराहट पैदा कर दी। इस नियामक बदलाव के कारण वित्तीय और बीमा सेक्टर के हैवीवेट शेयरों, जैसे एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिसने सूचकांकों को नीचे धकेल दिया।
- विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी
अमेरिकी डॉलर की मजबूती और वहां मिल रहे सुरक्षित रिटर्न के आकर्षण के चलते विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों द्वारा भारतीय इक्विटी बाजार में लगातार बड़ी बिकवाली की जा रही है। घरेलू संस्थागत निवेशकों के सपोर्ट के बावजूद, विदेशी निवेशकों की इस भारी बिकवाली से बाजार में लिक्विडिटी (नकदी) का दबाव बढ़ गया है।
- महंगा वैल्यूएशन और डेरिवेटिव एक्सपायरी का दबाव
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय सूचकांक अपने वैश्विक समकक्षों की तुलना में काफी महंगे वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहे थे। किसी नए सकारात्मक ट्रिगर के न होने और आज ही मंथली फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफएंडओ) एक्सपायरी होने के कारण ट्रेडर्स ने आक्रामक रूप से प्रॉफिट बुकिंग (मुनाफावसूली) की, जिससे गिरावट और तेज हो गई।
शेयर बाजार में गिरावट के कारण।
- फोटो : amarujala.com
बाजार की गिरावट पर जानकारों का क्या कहना है?
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर के मुताबिक, बाजार पर फिलहाल कई वैश्विक चिंताओं का दबाव है। बॉन्ड यील्ड बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। महंगाई और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशक अब ज्यादा सावधानी बरत रहे हैं। घरेलू स्तर पर बीमा और बैंकिंग शेयरों पर भी दबाव है, क्योंकि कमीशन स्ट्रक्चर की नियामकीय समीक्षा से कंपनियों के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में बाजार अहम सपोर्ट स्तरों के आसपास है। जब तक कोई सकारात्मक ट्रिगर नहीं आता, निकट अवधि में बाजार का रुख सतर्क रह सकता है और आगे शेयर बाजार की दिशा में कंपनियों की कमाई की ग्रोथ अहम भूमिका निभाएगी।