भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के सफल समापन को लेकर नए उत्साह के बीच बुधवार को सेंसेक्स 323 अंक चढ़ गया। वहीं निफ्टी लगातार छठे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। आईटी और पूंजीगत वस्तुओं के शेयरों में तेजी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले सप्ताह ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से भी बाजारों में आशावाद बढ़ा।
सेंसेक्स की कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख लाभ में रहे। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, टाटा मोटर्स और अल्ट्राटेक सीमेंट पिछड़ने वालों में शामिल रहे।
भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों में आई नरमी के संकेत देते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता के किसी सफल निष्कर्ष पर पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा कि वह आने वाले हफ्तों में अपने बहुत अच्छे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं को लेकर नए सिरे से आशावाद ने बाजार की धारणा को मजबूत किया है। जीएसटी युक्तिकरण और मौद्रिक सहजता के लाभों से प्रेरित, वित्त वर्ष 26 की दूसरी छमाही की मजबूत आय की प्रत्याशा, मूल्यांकन को लचीलापन प्रदान कर रही है।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजारों में तेजी देखी गई। मंगलवार को अमेरिकी बाज़ार भी बढ़त के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत बढ़कर 66.82 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कई दिनों की बिकवाली के बाद मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने जमकर खरीदारी की। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने 2,050.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मंगलवार को सेंसेक्स 314.02 अंक या 0.39 प्रतिशत चढ़कर 81,101.32 पर बंद हुआ। निफ्टी 95.45 अंक या 0.39 प्रतिशत बढ़कर 24,868.60 पर पहुंच गया, जो लगातार पांचवें दिन बढ़त दर्ज करता है।