अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत के साथ व्यापार वार्ता के सफल होने से जुड़े बयान देने के बाद बुधवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल आया। आईटी शेयरों में तेजी ने भी बाजारों में आशावाद बढ़ाया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 442.59 अंक बढ़कर 81,543.91 पर पहुंच गया। ऐसे ही 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 124.2 अंक बढ़कर 24,992.80 पर आ गया।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, 'आज बाजार के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत-अमेरिका संबंधों को बेहतर बनाने की पहल और प्रधानमंत्री मोदी की उस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया रही।'
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.87 प्रतिशत बढ़कर 66.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।