अमेरिकी टैरिफ पर 90 दिन की पाबंदी के बाद बाजार का संभलना सोमवार को भी जारी रहा। वित्तीय वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही के नतीजों के बाद बैंकिंग शेयरों में अच्छी तेजी दिखी। बैंकिंग शेयरों तेजी से निफ्टी बैंक अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों और विदेशी पूंजी प्रवाह लौटने से बैंकिंग और आईटी शेयरों में भारी खरीदारी दिखी। इससे बेंचमार्क सेंसेक्स लगातार पांचवें दिन बढ़त के साथ 855 अंक उछलकर 79,000 अंक के ऊपर बंद हुआ। रुपया डॉलर के मुकाबले 25 पैसे की बढ़त के साथ 85.13 के स्तर पर बंद हुआ।
पांच दिन की तेजी के दौरान सेंसेक्स में 5,561.35 अंक या 7 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई तथा निफ्टी में 1,726.40 अंकों की तेजी आई। इससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 2 अप्रैल को लगाए गए पारस्परिक शुल्कों से हुए नुकसान की भरपाई हो गई। सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा व महिंद्रा, एचसीएल टेक, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा लाभ में रहे। अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, एशियन पेंट्स और नेस्ले पिछड़ने वालों में शामिल थे।
प्रमुख निजी ऋणदाता एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 1 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया। बैंक ने मार्च तिमाही के लिए अपने समेकित शुद्ध लाभ में 7 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की और यह 18,835 करोड़ रुपये रहा। मार्च तिमाही में कंपनी के शुद्ध लाभ में क्रमिक आधार पर 3.3 प्रतिशत की वृद्धि होने के बाद इंफोसिस के शेयरों में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, इससे बेंचमार्क सूचकांकों में तेजी आई। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 2.20 प्रतिशत तथा स्मॉलकैप सूचकांक में 1.67 प्रतिशत की तेजी आयी।
बीएसई के सभी क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जिनमें तेल व गैस में 2.61 प्रतिशत, बिजली में 2.49 प्रतिशत, बीएसई केंद्रित आईटी में 2.42 प्रतिशत, आईटी में 2.31 प्रतिशत, रियल्टी में 2.27 प्रतिशत, ऑटो में 2.12 प्रतिशत और धातु में 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। बीएसई में 2,918 शेयरों में तेजी रही, 1,168 में गिरावट आई तथा 161 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें: Samwad 2025: निवेश पोर्टफोलियो बनाते समय किन तीन बातों का रखें ध्यान, दिग्गजों ने क्या टिप्स दिए? यहां जानें
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक और शंघाई एसएसई कंपोजिट सकारात्मक दायरे में बंद हुए जबकि टोक्यो का निक्केई 225 गिरावट के साथ बंद हुआ। हांगकांग में बाजार बंद रहे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका में शेयर बाजार 'गुड फ्राइडे' के कारण बंद रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.71 प्रतिशत घटकर 66.25 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
ये भी पढ़ें: Market: बाजार में लौटी रंगत; बैंक निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर; HDFC व ICICI बैंक के नतीजों ने कैसे बदला मूड? जानें
गुरुवार को बीएसई का सेंसेक्स 1,508.91 अंक या 1.96 प्रतिशत उछलकर 78,553.20 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 414.45 अंक या 1.77 प्रतिशत बढ़कर 23,851.65 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार को 'गुड फ्राइडे' के अवसर पर शेयर बाजार बंद थे।