ब्लू चिप शेयरों में भारी खरीदारी से बाजार को मिली मदद
रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटी और टेक शेयरों जैसे ब्लू चिप शेयरों में भारी खरीदारी से बाजार की धारणा को बढ़ावा मिला। भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन, आईटीसी, इन्फोसिस, लार्सन एंड टूब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस में सर्वाधिक लाभ रहा। अरबपति उद्योगपति गौतम अडानी पर अमेरिका में कथित रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी का आरोप लगने के बाद पिछले दिन की भारी गिरावट के बाद अडानी समूह की अधिकांश सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में उछाल आया।
विवाद के बावजूद अदाणी के शेयरों में तेजी लौटी
बीएसई पर अंबुजा सीमेंट्स में 3.50 फीसदी, एसीसी में 3.17 फीसदी, अदाणी एंटरप्राइजेज में 2.16 फीसदी, अदाणी पोर्ट्स में 2.05 फीसदी, अडानी टोटल गैस में 1.18 फीसदी और एनडीटीवी में 0.65 फीसदी की तेजी रही। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 5,320.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,200.16 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में सियोल और टोक्यो सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि शंघाई और हांगकांग में गिरावट रही। यूरोपीय बाज़ारों में गिरावट देखी गई। गुरुवार को अमेरिकी बाज़ार बढ़त के साथ बंद हुए।
कच्चा तेल, प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
ब्रेंट क्रूड 0.19 प्रतिशत बढ़कर 74.37 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.19 प्रतिशत बढ़कर 74.37 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। गुरुवार को बीएसई का बेंचमार्क सूचकांक 422.59 अंक या 0.54 प्रतिशत गिरकर 77,155.79 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 168.60 अंक या 0.72 प्रतिशत गिरकर 23,349.90 अंक पर बंद हुआ था।
बैंक ऑफ अमेरिका के तीन अधिकारियों का इस्तीफा
आदित्य बिरला सन लाइफ एसेट मैनेजमेंट के 1,500 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की जांच के बीच बैंक ऑफ अमेरिका के भारत में तीन अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। इनमें देबाशीष पुरोहित, सुभ्रजीत रॉय और विक्रम खेतान हैं। भारतीय नियामक शेयरों की बिक्री में आदित्य बिरला कैपिटल और सन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट की जांच कर रहा है। आरोप है कि इन तीनों अधिकारियों ने बैंक ऑफ अमेरिका की आंतरिक जानकारियों को सार्वजनिक होने से पहले ही उनका खुलासा कर दिया था।बैंक ऑफ अमेरिका इसकी जांच कर रहा है। अक्तूबर में दो अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया गया था।