शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स और निफ्टी मंगलवार को रिकॉर्ड तेजी के बाद सपाट बंद हुए। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान 33.49 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,456.59 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 370.45 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 76,860.53 अंक पर पहुंचा।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में गिरावट रही। लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स, मारुति, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर लाभ में रहे। एशियाई बाजारों में सोल और तोक्यो बढ़त में रहे जबकि शंघाई और हांगकांग नुकसान में रहे। यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
निरंतरता का संकेत देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपनी नई सरकार में अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर को क्रमश: गृह, रक्षा, वित्त और विदेश मंत्रालयों का प्रभार बरकरार रखा है। इन मंत्रालयों के प्रभारी चार मंत्री प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की महत्वपूर्ण कैबिनेट समिति का हिस्सा हैं। मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे पर बाजार ने सुस्त प्रतिक्रिया दी है। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.37 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
मंगलवार को रुपया डॉलर के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुए। हालांकि, केद्रीय बैंक की ओर से समय-समय पर डॉलर की बिकवाली से रुपया बड़ी गिरावट से बचा रहा। मंगलवार को रुपया 0.1% की गिरावट के साथ 83.5650 के स्तर पर बंद हुए। पिछले कारोबारी सत्र में भारतीय मुद्रा 83.5050 के लेवल पर बंद हुए थी।