भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भी लाल निशान पर बंद हुआ। लगातार दूसरे दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सोमवार को सेंसेक्स 299.48 (0.45%) अंकों की गिरावट के साथ 66,384.78 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर एनएसई निफ्टी 72.65 (0.37%) अंक टूटकर 19,672.35 अंकों पर क्लोज हुआ। सोमवार के कारोबारी सेशन के दौरान एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक बिकवाली दिखी। मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयर भी कमजोरी के साथ बंद हुए।
होटल, सिगरेट, एफएमसीजी और पेपर कारोबार से जुड़ी दिग्गज कंपनी आईटीसी के संबंध में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी के होटल बिजनेस के डीमर्जर को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई हे। कहा जा रहा है कि डीमर्ज हुई कंपनी में आईटीसी की हिस्सेदारी लगभग 40% होगी। नई सब्सडियरी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी आईटीसी की ही होगी। डीमर्जर की खबर सामने आते ही कंपनी के शेयरों में दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, बाजार के जानकार इस खबर को सकारात्मक रूप से देख रहे हैं।
आईडीबीआई बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में करीब 62 प्रतिशत बढ़कर 1,224 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 756 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय में भी 61 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 3,998 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। पिछले साल की समान अवधि में यह 2,488 करोड़ रुपये था।
टीवी नरेंद्रन फिर बने टाटा स्टील के सीईओ और प्रबंध निदेशक
टाटा स्टील ने टीवी नरेंद्रन को पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए कंपनी का प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि नरेंद्रन का नया कार्यकाल 19 सितंबर से शुरू होगा। उनका मौजूदा कार्यकाल 18 सितंबर को खत्म होने वाला है। टाटा स्टील ने कहा कि इस नियुक्ति पर शेयरधारकों की मंजूरी लेनी अभी बाकी है। नरेंद्रन को अक्तूबर, 2017 में कंपनी का सीईओ एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया था। इसके पहले वह एक नवंबर, 2013 को कंपनी के प्रबंध निदेशक (भारत एवं दक्षिण-पूर्व एशिया) बनाए गए थे।