विश्व बैंक द्वारा मंगलवार को जारी की गई ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में भारत के 30 पायदान बढ़त पाने के बाद इसका असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिला।
बीएसई का सेंसेक्स अभी तक के अपने सबसे उच्चतम स्तर 33600 पर बुधवार को बंद हुआ। पूरे दिन के कारोबार में सेंसेक्स में 387.14 अंकों की बढ़ोतरी देखी गई।
पढ़ें- इस तरह एक साल में भारत ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में पाई 30 पायदान की बढ़त
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी इससे अछूता नहीं रहा और 105.2 अंक बढ़कर 10440.5 पर बंद हुआ। आज सरकारी बैंक जोश में दिखे जिससे पीएसयू बैंक इंडेक्स में कारोबार के दौरान 3 फीसदी तक की मजबूती दिखी। अंत में सेंसेक्स और निफ्टी ने रिकॉर्ड क्लोजिंग दी है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी थोड़ी खरीदारी देखने को मिली है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है। निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी तक मजबूत होकर बंद हुआ है।
बैंकिंग, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली है। बैंक निफ्टी करीब 2 फीसदी की मजबूती के साथ 25,490.5 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। बैंक निफ्टी आज पहली बार 25500 के पार जाने में कामयाब रहा।