बैंकों द्वारा लोन पर ब्याज दर तय करने की नई पद्घति, एमसीएलआर, लागू होने के बाद स्टेट बैंक ने एक बार फिर से इसमें कटौती की है। बैंक ने अब होम लोन पर एमसीएलआर को घटा कर 9.15 कर दिया जो कि 1 मई 2016 से लागू भी हो गया है।
स्टेट बैंक से जारी एक बयान के मुताबिक घर बनाने और खरीदने वालों को 9.45 फीसदी के बदले 9.40 फीसदी पर होम लोन मिलेगा। महिलाओं केलिए यह दर 9.40 फीसदी के बदले 9.35 फीसदी होगी।
उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक के निर्देश पर बैंकों की ओर से कोष जुटाने की औसत लागत के -एमसीएलआर- व्यवस्था अपनाए जाने की वजह से कर्ज दर में यह कमी संभव हुई है। बैंकों को अब हर महीने एमसीएलआर तय करना है।
स्टेट बैंक के मुताबिक कार लोन की नई दर 9.80 फीसदी केबदले 9.75 फीसदी हो गई है। महिलाओं के लिए यह दर 9.70 फीसदी है। सेकेंड हैंड कार पर जहंा 13.15 फीसदी का ब्याज दर देय होगा वहीं बाइक लोन की ब्याज दर 12.15 फीसदी होगी।
स्टेट बैंक से अब फेस्टीवल लोन पर 15.90 फीसदी का ब्याज दर देय होगा जबकि एसबीआई सरल पर्सनल लोन पर 17.65 फीसदी का ब्याज लगेगा। महिलाओं को मिलने वाले भाग्य रेखा पर्सनल लोन की ब्याज दर 11.15 फीसदी तय की गई है। गोल्ड लोन पर अब बैंक 11.15 फीसदी की ब्याज दर वसूलेगी, क्योंकि इसमें सोने को गिरवी के तौर पर रखा जाता है और यह लोन सिक्योर्ड श्रेणी में आता है।