Route Mobile IPO: रूट मोबाइल लिमिटेड के शेयर सोमवार को निर्गम मूल्य के मुकाबले 105 फीसदी के प्रीमियम पर शेयर बाजारों में सूचीबद्ध हुए। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर 708 रुपये पर सूचीबद्ध हुए, जो 102.28 फीसदी के उछाल को दर्शाता है। बाद में शेयर 110 फीसदी की बढ़त के साथ 735 रुपये के स्तर पर आ गए।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर क्लाउड कम्युनिकेशंस सर्विस प्रदाता के शेयर निर्गम मूल्य के मुकाबले 104.85 फीसदी की बढ़त के साथ 717 रुपये पर सूचीबद्ध हुए। रूट मोबाइल के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को 74 गुना अभिदान मिला था। रूट मोबाइल का आईपीओ आठ सितंबर को खुला था। बोली के पहले दिन यह आईपीओ 68.79 फीसदी सब्स्क्राइब हुआ था। यह आईपीओ 11 सितंबर को बंद हुआ।
निर्गम के 50 फीसदी तक शेयर पात्र संस्थागत निवेशकों के लिए रखे गए और इसका 60 फीसदी एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित रहा। वहीं, खुदरा निवेशकों के लिए 35 फीसदी और गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए 15 फीसदी शेयर आरक्षित रखे गए । निर्गम के लिए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, एडेलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज और आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सेक्योरिटीज को प्रबंधक नियुक्त किया गया है।
इतना था प्रति शेयर का दायरा
क्लाउड संचार सेवाएं उपलब्ध कराने वाली कंपनी रूट मोबाइल ने इसके लिए प्रति शेयर कीमत दायरा 345 से 350 रुपये तय किया था। आईपीओ के तहत कंपनी ने 240 करोड़ रुपये के नए शेयर भी जारी किए। इससे जुटाई राशि का उपयोग कंपनी अपना कर्ज चुकाने और अन्य रणनीतिक पहलों में करेगी।
ये है कंपनी का लक्ष्य
कंपनी के प्रवर्तक और प्रबंध निदेशक राजदीप कुमार गुप्ता ने कहा था कि कंपनी अधिग्रहण के लक्ष्य को लेकर चल रही है। कंपनी 54.9 करोड़ रुपये की वित्तीय देनदारी का आंशिक भुगतान भी करेगी और आईपीओ से मिलने वाली राशि से कंपनी मुंबई में एक और कार्यालय परिसर लेगी।