शेयर बाजारों में आज शुरुआती कारोबार में बिकवाली दबाव जारी रहने से बैंकिंग, स्वास्थ्य और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही। सेंसेक्स में गिरावट के साथ साथ निफ्टी भी दस हजार के आंकड़े से नीचे चला गया। एशियाई शेयर बाजारों में मिला जुला रुख रहा।
बंबई शेयर बाजार का 30-शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक कारोबार के शुरुआती दौर में 76.20 अंक यानी 0.23 फीसदी गिरकर 32,161.68 अंक पर आ गया। पिछले दो सत्र में सेंसेक्स 337 अंक लुढ़क चुका है। स्वास्थ्य, एफएमसीजी, बैंकिंग, बिजली और वाहन कंपिनयों के समूह सूचकांक में कारोबार के शुरुआती दौर में 1.67 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई।
बिकवाली दबाव जारी रहने से निफ्टी आज दस हजार के आंकड़े से नीचे उतर गया। यह 22.55 अंक घटकर 9,991.10 अंक रह गया। शेयर कारोबारियों का कहना है कि हाल की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफा वसूली से शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई सूचकांक आज शुरुआती दौर में 0.36 फीसदी घट गया, हांग कांग का हेंग सेंग सूचकांक भी 0.01 फीसदी नीचे आ गया। हालांकि, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.11 फीसदी बढ़ गया। अमेरिका में डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज कल कारोबार की समाप्ति पर 0.04 फीसदी ऊंचा रहा।