शेयर बाजार में एनडीए द्वारा दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की वजह से निवेशकों की बल्ले-बल्ले हो गई है। पिछले दो कारोबारी सत्रों में निवेशकों ने 3.86 लाख करोड़ रुपये कमा लिए हैं। शुक्रवार और सोमवार को हुए कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 871 अंकों का उछाल ले चुका है और 39680 के पार जाकर के बंद हुआ है। इससे बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (एम-कैप) भी बढ़ गया है।
इक्विटी मार्केट में तेजी की वजह से कंपनियों का एम-कैप 1,54,11,395.90 करोड़ रुपये हो गया। 23 मई, गुरुवार को जिस दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे, उस दिन कंपनियों का एम-कैप 1,50,25, 175.49 करोड़ रुपये था। सेंसेक्स उस दिन अपने सर्वोच्च स्तर 40,124.96 पर चला गया था।
बाजार एक्सपर्ट के मुताबिक चीन-अमेरिका के बीच व्यापार युद्ध और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण घरेलू बाजार में असर पड़ सकता है। बीएसई पर लिस्टेड 30 कंपनियों में से 17 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली। टाटा स्टील, यस बैंक, एनटीपीसी, एलएंडटी, एक्सिस बैंक और एसबीआई के शेयरों में तेजी देखने को मिली।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को फार्मा और आीटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें एफएमसीजी, बैंक, मेटल, एनर्जी और इंफ्रा शामिल है।