अंतर्राष्ट्र्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में हुए बदलाव के फलस्वरूप तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में 4 रुपये की कटौती की है। हालांकि हवाई जहाज का ईंधन -एटीएफ- महंगा हुआ है।
तेल कंपनियों से मिली जानकारी के मुताबिक बिना सब्सिडी वाले -14.2 किलो- रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में प्रति सिलेंडर 4 रुपये की कटौती कर दी गई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 509.50 रुपये हो गई है जबकि पहले यह 513.50 रुपये थी। उल्लेखनीय है कि सब्सिडी छोड़ने वाले ग्राहकों को सिलेंडर की आपूर्ति इसी कीमत पर होती है।
इसके अलावा सब्सिडी वाले सिलेंडर लेने वाले ग्राहकों को भी साल में 12 सिलेंडरों पर ही सब्सिडी मिलती है। इससे ऊपर पूरा मूल्य चुकाना पड़ता है। यह लगातार तीसरा मौका है, जबकि सिलेंडरों की कीमत में कमी की गई है। इससे पहले बीते एक मार्च को दाम में 61.50 रुपए जबकि एक फरवरी को 82.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती हुई थी।
तेल कंपनियों ने शुक्रवार से हवाई जहाज के ईंधन की कीमतों में भी समीक्षा की है। अब दिल्ली में इसकी कीमत 42157.01 रुपये प्रति किलो लीटर हो गई है जबकि पहले यह 3371.55 रुपए थी। यह 8.69 फीसदी की बढ़ोतरी है।