धनतेरस और दिवाली से पहले सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है।दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 662 रुपये टूटकर 50,338 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसी तरह चांदी भी 1,431 रुपये के नुकसान से 62,217 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।
पिछले सत्र में इतनी थी कीमत
पिछले कारोबारी सत्र में सोना 51,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसी तरह चांदी भी 1,431 रुपये के नुकसान से 62,217 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 63,648 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,886 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं चांदी 24.31 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर थी।
त्योहारी खरीद बढ़ेगी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि भारत में सोने की कीमतों में ‘करेक्शन’ से धनतेरस से पहले इसकी त्योहारी खरीद बढ़ सकती है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्बिसेजे के उपाध्यक्ष (जिंस बाजार अनुसंधान) नवनीत दमानी की राय में सोने में यह गिरावट शेयर बांड जैसी ज्यादा जोखिम भरी संपत्तियों की ओर निवेशकों का झुकाव अचानक बढ़ने से है। यह झुकाव अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन की जीत के साथ साथ कोविड-19 की वैक्सीन के विकास में फाइजर की सफलता की अप्रत्याशित घोषणा से है। उनकी राय में सोना अभी 49,600-50,900 के दायरे में रह सकता है।
त्योहारों से पहले सरकार सस्ते में बेच रही है सोना
धनतेरस और दिवाली के दौरान ज्यादातर लोग सोना खरीदते हैं। लोगों का मानना है कि धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ होता है। इस बीच सरकार ने नौ नवंबर से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की आठवीं सीरीज सब्सक्रिप्शन के लिए खोल दी है। इस बॉन्ड में 13 नवंबर तक निवेश किया जा सकता है। इस गोल्ड बॉन्ड के लिए सोने की कीमत 5,177 रुपये प्रति ग्राम तय की गई है। वहीं अगर गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
त्योहारी सीजन में बढ़ेगी मांग
भारत में इस साल वैश्विक स्तर के अनुरूप सोने की कीमतें 31 फीसदी बढ़ी हैं। विश्लेषकों के उम्मीद जताई कि भारत में सोने की मांग त्योहारी सीजन में बढ़ेगी। सोना व्यापक प्रोत्साहन उपायों से प्रभावित होता है क्योंकि इसे व्यापक रूप से मुद्रास्फीति और मुद्रा में आई गिरावट के खिलाफ बचाव के रूप में देखा जाता है।
भारत के पास इतना है सोने का भंडार
मालूम हो कि वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council) की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा समय में भारत के पास 653 मेट्रिक टन सोना है। इसके साथ ही सबसे ज्यागा गोल्ड रिजर्व के मामले में भारत दुनिया में 9वें स्थान पर आता है। यह उसके कुल विदेशी मुद्रा भंडार का 7.4 फीसदी है।