26 अप्रैल के बाद ऐसा रहा बाजार का हाल
बीएसई में शामिल कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 1,53,08,828.49 करोड़ रुपये से घटकर 1,49,15,303.68 करोड़ रुपये रह गया। गत 26 अप्रैल के बाद से बीएसई में गिरावट का दौर जारी है, जिसके कारण कंपनियों को इन पांच दिनों में 3,93,524.81 करोड़ रुपये की चपत लगी है।
गत सप्ताह कारोबार के पहले दिन यानी सोमवार को बाजार में कारोबार बंद था, क्योंकि मुंबई में चुनाव था। मंगलवार को एमकैप घटकर 1,52,54,028.06 करोड़ रुपये रह गया।
बुधवार के अवकाश के बाद गुरुवार को फिर एमकैप घटकर 1,52,09,721.43 करोड़ रुपये रह गया। शुक्रवार को यह 1,51,62,013.20 करोड़ रुपये रहा। इस सप्ताह की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई।
सोमवार को एमकैप घटकर 1,50,37,619.49 करोड़ रुपये और मंगलवार को घटकर 1,49,15,303.68 करोड़ रुपये रह गया। इस अवधि में सेंसेक्स में 755 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।
यह रही गिरावट की वजह
सेंट्रम ब्रोकिंग के वरिष्ठ वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ रिसर्च (वेल्थ) जगन्नाधम थुनूगुंटला ने कहा कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापार वार्ता और कॉरपोरेट अर्निंग सत्र के कारण पिछले कुछ दिनों से भारतीय बाजार अस्थिर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा था कि वह 200 अरब डॉलर की चीनी वस्तुओं पर शुल्क बढ़ा सकता है, जिसके बाद वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।
वहीं केडिया कमोडिटी के निदेशक अजय केडिया ने बताया कि चुनाव के पांच चरण पूरे हो जाने के बाद निवेशकों में खलबली मची हुई है। निवेशक बड़ी मात्रा में बिकवाली कर रहे हैं, इस वजह से भी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण लगातार घट रहा है। फिलहाल निवेशक नया पैसा लगाने को तैयार नहीं हैं। इसके लिए चुनाव के दौरान पैदा हुई आशंका है, जिसको दरकिनार नहीं किया जा सकता है।