भू-राजनीतिक संकट के कारण बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट दर्ज की गई और सेंसेक्स तथा निफ्टी एक फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ एक महीने के न्यूनतम स्तर पर बंद हुए।
शेयर बाजार में तेजी से आई गिरावट से निवेशकों को 95,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बंबई स्टॉक एक्सचेज (बीएसई) का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित शेयर सूचकांक सेंसेक्स में 1.01 फीसदी या 317.74 अंकों की गिरावट के साथ 31,213.59 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं एनएसई का निफ्टी 1.11 फीसदी या 109.45 अंकों की गिरावट के साथ 9,710.80 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले चार सत्रों में सेंसेक्स में कुल 794.08 अंकों की गिरावट हो चुकी है।
सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों में बीते छह सप्ताह के दौरान पहली बार साप्ताहिक आधार पर गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स में 3.43 फीसदी या 1,111.82 अंक तथा निफ्टी में 3.53 फीसदी या 355.60 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।
सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के लिए आज का दिन बेहद बुरा रहा। एसबीआई के शेयर में 5.36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। अन्य कंपनियां जिनके शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, उनमें एमएंडएम, रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एलएंडटी शामिल हैं।
जेकुमार इंफ्राप्रोजेक्ट्स तथा प्रकाश इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को एक बार फिर कारोबार शुरू किया, लेकिन इनके शेयरों में 20 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। दोनों कंपनियों की ट्रेडिंग पर सेबी ने पाबंदी लगाने का आदेश जारी किया था, जिसपर सैट ने बृहस्पतिवार को रोक लगा दी थी।