डीएचएफएल प्रेमेरिका लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में कदम रखते हुए एक ऐसी पॉलिसी लांच की है जिसमें पालिसी धारकों को डेंगू की कवर मिलेगी। डीएचएफएल प्रेमेरिका की डेंगू शील्ड नाम से जारी यह पॉलिसी सिर्फ ऑनलाइन ही मिलेगी।
डीएचएफएल प्रेमेरिका लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अनूप पेबी ने यह पॉलिसी लांच की। इस अवसर पर इट्ज कैश कार्ड्स के प्रबंध निदेशक नवीन सूर्या भी उपस्थित थे। अनूप पेबी ने इस अवसर पर बताया कि उनके डेंगू शील्ड में सबसे बेहतर बात यह है कि इसमें बच्चों से लेकर बड़ों, सबके लिए प्रीमियम की दर बराबर है।
प्रीमियम की दर भी बहुत कम, 1 रुपया प्रति दिन से शुरू होती है। इस पालिसी में 18 वर्ष से 65 वर्ष तक के व्यक्ति को सीधे पालिसी दी जा सकती है जबकि परिवार में 91 दिन के बच्चे की भी पॉलिसी ली जा सकती है। परिवार में पति, पत्नी, बच्चे, माता-पिता और सास-ससुर को शामिल किया गया है।
परिवार की पॉलिसी लेने वालों को पांच फीसदी की छूट भी दी जाएगी। डेंगू शील्ड पॉलिसी के तहत 25,000 रुपये से 50,000 रुपये तक का बीमा होगा। उन्होंने बताया कि इस पॉलिसी की विशेषता इसकी सरलता है। इसे न सिर्फ आसानी से लिया जा सकता है बल्कि इसकी क्लेम प्रक्रिया भी बेहद आसान है।
इसका क्लेम लेने के लिए 48 घंटे तक अस्पताल में भर्ती होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिनके पास इंटरनेट कनेक्शन या कंप्यूटर नहीं है, वे भी इस पॉलिसी को ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें इट्ज कैश कार्ड के 75,000 दफ्तरों में से किसी एक में आना होगा।