देशी-विदेशी निवेशकों के लिए भारत में कारोबार की राह आसान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में किये जा रहे प्रयासों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिलने लगी है।
विश्व बैंक द्वारा कारोबार के लिए आसान देशों -ईज ऑफ डूइंग बिजनेस- की अद्यतन सूची में भारत 12 पायदान ऊपर चढ़ गया है। इससे पहले की सूची में जहां भारत का स्थान 142वें नंबर पर था, वहीं इस बार यह 130वें स्थान पर आ गया है।
विश्व बैंक का तो कहना है कि भारत कुछ और उपायों पर अमल करता है तो वह दिन दूर नहीं जबकि इसका स्थान 100 के अंदर होगा। विश्व बैंक की इस सूची में सिंगापुर शीर्ष स्थान पर है।
सिंगापुर के बाद क्रमश: न्यूजीलैंड, डेनमार्क, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, ब्रिटेन और अमेरिका का स्थान है जबकि व्यापार के मामले में चीन 84वें स्थान पर बना हुआ है। विश्व बैंक की इस सूची में पाकिस्तान का स्थान 138वां है।