इतनी है सबसे ज्यादा उपभोग वाले ईंधन डीजल की मांग
सबसे ज्यादा उपभोग वाले ईंधन डीजल की मांग सामान्य के 84.5 फीसदी तथा पेट्रोल की मांग सामान्य के 86.4 फीसदी पर है। जून में डीजल की खपत 63 लाख टन रही, जो मई के मुकाबले 14.5 फीसदी अधिक है, लेकिन जून, 2019 की तुलना में 15.4 फीसदी कम है। जून में डीजल की मांग अप्रैल की तुलना में लगभग दोगुना हो गई है। अप्रैल 2020 में यह 32.5 लाख टन रही थी।
22.8 लाख टन पर पहुंची पेट्रोल की बिक्री
आंकड़ों के अनुसार जून में पेट्रोल की बिक्री मई की तुलना में 29 फीसदी बढ़कर 22.8 लाख टन पर पहुंच गई। हालांकि, यह एक साल पहले जून, 2019 की तुलना में 13.5 फीसदी कम है लेकिन मई 2020 के 9,73,000 टन के आंकड़े की तुलना में यह दोगुना से ज्यादा है। अधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की मांग तेजी से बढ़ रही है क्योंकि लोग अब सार्वजनिक वाहनों के बजाय निजी वाहनों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं।
तेजी से बढ़ी एलपीजी की मांग
इस दौरान रसोई गैस सिलिंडर यानी एलपीजी की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसकी वजह यह है कि सरकार कोविड-19 संकट के बीच गरीब परिवारों को एलपीजी मुफ्त उपलब्ध करा रही है। जून में एलपीजी की मांग 15.7 फीसदी बढ़कर 20.7 लाख टन रही। अभी काफी सीमित संख्या में उड़ान सेवाएं शुरू हुई हैं।
2,22,000 टन रह गई विमान ईंधन की मांग
ऐसे में सालाना आधार पर विमान ईंधन एटीएफ की मांग 65.8 फीसदी घटकर 2,22,000 टन रह गई। आर्थिक गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू होने के साथ औद्योगिक ईंधन की मांग भी सुधर रही है।