निजी क्षेत्र का बैंक एचडीएफसी बैंक, कैपिटल बॉन्ड के जरिए 50,000 करोड़ रुपये की राशि जुटाने वाला है, बैंक को उसके शेयरहोल्डर्स से मंजूरी मिल गई है। एचडीएफसी बैंक ने अपनी 26वीं सालाना महासभा (एजीएम) में इसका एलान किया। इसके इलावा केनरा बैंक भी पांच हजार करोड़ रुपये इकट्ठा करने की योजना बना रहा है।
एचडीएफसी बैंक ने बताया कि 50,000 करोड़ रुपये की राशि अनसिक्योर्ड परपेचुअल डेट इंस्ट्रूमेंट (टियर-1 कैपिटल बॉन्ड का अतिरिक्त हिस्सा), टियर-2 कैपिटल बॉन्ड्स और लंबी अवधि के बॉन्ड प्राइवेट प्लेसमेंट को जारी कर जुटाए जाएंगे। दरअसल कोरोना वायरस महामारी की वजह से कई बैंक फंड जुटाने की योजना बना रहे हैं।
इसके अलावा एचडीएफसी बैंक के शेयरहोल्डर्स ने मलय पटेल को स्वतंत्र निदेशक और कैजाद भरूचा को कार्यकारी निदेशक के तौर पर दोबारा नियुक्त करने पर मंजूरी दे दी है। वहीं रेनू कर्नाड को बैंक का गैर कार्यकारी निदेशक चुना गया है।
वहीं कोरोना वायरस के चलते हुए नुकसान की भरपाई करने और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए केनरा बैंक पांच हजार करो़ड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहा है। इसके लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेना जरूरी है और दस अगस्त की एजीएम में इस बात का फैसला लिया जाएगा।
केनरा बैंक ये रकम राइट्स इश्यू, क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (क्यूआईपी) सहित दूसरे विकल्पों के जरिए हासिल करेगा। 2019-20 की वार्षिक रिपोर्ट में केनरा बैंक ने जानकारी दी कि बैंक के पास मौजूदा इक्विटी कैपिटल 1030.23 करोड़ रुपये है।