आभूषण खरीदने की इच्छा रखने वालों के लिए सरकार की तरफ से एक खुशखबरी आयी है। सरकार ने बजट प्रस्ताव के दौरान दो लाख के आभूषणों की खरीद पर लगाए गए एक फीसद टैक्स (टैक्स कलेक्शन एट सोर्स) को वापस ले लिया है।
साथ ही सरकार ने खरीद की सीमा बढ़ाकर 5 लाख तक कर दी है। टैक्स में यह बदलाव एक जून यानि कल से प्रभावी होगा। सरकार की इस कवायद से 42 दिनों तक हड़ताल के कारण आभूषण विक्रेताओं के पास जमा हुआ सोने का स्टॉक निकालने में मदद मिलेगी। गौरतलब कि सरकार के एक फीसद टैक्स लगाए जाने के बाद से सोना खरीदने वालों की कमी देखी जा रही थी, जिससे विक्रेताओं की बिक्री प्रभावित हुई थी।
ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी ट्रेड फेडरेशन के निदेशक बछराज बमलवा का कहना है कि सरकार के आभूषण खरीद की सीमा पांच लाख तक किए जाने से शादी के लिए आभूषण खरीदने वालों को काफी राहत मिलेगी। दो लाख की सीमा काफी नहीं थी।
गौरतलब है कि 2016 की पहली तिमाही में सोने की मांग पिछले सात सालों में सबसे ज्यादा गिरकर 88.4 टन रह गयी थी। भारत में सोने की सालाना खपत 850 से 900 टन के करीब रहती है। हालांकि सोने की मांग में गिरावट के बावजूद सोने के भाव में जनवरी के बाद से बीस फीसद की बढ़ोतरी देखी गयी है और इसका 29500 से 30000 रुपए प्रति 10 ग्राम के हिसाब से कारोबार हो रहा है।