दिल्ली सराफा बाजार में सोमवार को सोना 240 रुपये सस्ता होकर 38,530 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा। वहीं, औद्योगिकी इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की कमजोर मांग से चांदी भी 775 रुपये सस्ती होकर 45,705 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सलाहकार प्रमुख (पीसीजी) देवरश वकील ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम में नरमी से दिल्ली में सोने की हाजिर कीमतों में गिरावट रही। हालांकि, डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी से सोने में गिरावट सीमित रही।
न्यूयॉर्क में सोना 1,487.15 डॉलर प्रति औंस रहा, जबकि चांदी 17.24 डॉलर प्रति औंस रही। 24 कैरेट की शुद्धता वाला सोना शनिवार को 38,770 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा था।
डॉलर के मुकाबले रुपया 30 पैसे कमजोर
डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को 30 पैसे टूटकर 70.87 पर बंद हुआ। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों से नरमी से रुपया कमजोर हुआ। फॉरेक्स कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार चिंताओं को लेकर वैश्विक स्तर पर जोखिम कम हुआ है, लेकिन घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली और विदेशी निवेशकों की पूंजी निकासी से रुपये की धारणा कमजोर हुई।
अंतरबैंकिंग मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मजबूती के साथ 70.37 पर खुला और गिरकर दिन के निचले स्तर 70.88 पर पहुंच गया। आखिर में 70.87 पर बंद हुआ। हालांकि, कारोबार के दौरान यह आठ सप्ताह के उच्च स्तर 70.36 पर रहा।