गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमत में तेजी आई। राष्ट्रीय राजधानी में आज 24 कैरेट की पीली धातु 182 रुपये बढ़कर 45,975 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोना पिछले कारोबार में 45,793 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
725 रुपये महंगी हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो यह 725 रुपये बढ़कर 66,175 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी दिवस में चांदी 65,450 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,744 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी की कीमत 25.30 डॉलर प्रति औंस पर रही।
संक्रमण बढ़ने के साथ ही महंगी हो रही पीली धातु
मालूम हो कि इस वित्त वर्ष में सोने में काफी तेजी आई। सोने ने सबसे उच्चतम स्तर को छुआ। ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोना वायरस महामारी के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था में घबराहट थी। जब वैश्विक अर्थव्यवस्था में डर होता है, तो सोने की तरफ लोगों का रुझान बढ़ता है। इसके बाद करीब एक महीने तक कीमत स्थिर रही, लेकिन अब कोरोना के संक्रमण बढ़ने के साथ ही सोने की कीमतें एक बार फिर बढ़ने लगी हैं। बीते एक सप्ताह में हाजिर बाजार में 24 कैरेट सोना दो हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन में शुद्ध सोने के दाम 46 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंचे। जबकि 31 मार्च को यहां सोना 44 हजार के दाम पर मिल रहा था। मध्यप्रदेश के प्रमुख सराफा बाजार रतलाम में 24 कैरेट सोने के भाव फिर 47 हजार रुपये प्रति दस ग्राम के पार पहुंच गए हैं।
इन कारकों से भी बढ़ी कीमत
कारोबारियों के अनुसार, एक महीने से सोने के भाव स्थिर थे या इसमें हल्की गिरावट आई थी। लेकिन एक अप्रैल से फिर इसमें तेजी देखने को मिल रही है। दो दिन में सोना एक हजार रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया है। इसके अतिरिक्त बीते दिनों अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मुकाबले रुपये की कीमत में आई कमी की वजह से और शादियों का सीजन शुरू होने से अच्छी मांग के कारण की उम्मीद से भी कीमत प्रभावित हुई है।