आज राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में तेजी आई, लेकिन चांदी में गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में 24 कैरेट की पीली धातु 119 रुपये बढ़कर 47,995 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले कारोबारी सत्र में पीली धातु 47,876 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हई थी।
258 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो यह 258 रुपये गिरकर 70,998 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी दिवस में चांदी 71,256 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,877 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी की कीमत 27.68 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रही।
सस्ते में सोना खरीदने का आखिरी दिन आज
सरकार ने जनता को सस्ती दरों पर सोना खरीदने का मौका दिया है। निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिन के लिए (17 मई से 21 मई तक) खुली है। यानी आज इसका आखिरी दिन है। योजना के तहत आप 4,777 रुपये प्रति ग्राम पर सोना खरीद सकते हैं। यानी अगर आप 10 ग्राम सोने खरीदते है तो उसकी कीमत 47,770 रुपये बैठती है। गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट मिलेगी। गोल्ड बॉन्ड की परिपक्वता अवधि आठ साल की होती है और इस पर सालाना 2.5 फीसदी का ब्याज मिलता है। बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज निवेशक के टैक्स स्लैब के अनुरूप कर योग्य होता है, लेकिन इस पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) नहीं होती है।
प्रमुख निर्यात बाजारों में रत्न एवं आभूषण की मांग पटरी पर आ गई है। जीजेईपीसी (रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद) के अनुसार इस साल अप्रैल में रत्न एवं आभूषण का कुल निर्यात बढ़कर 25,226.11 करोड़ रुपये रहा। जेजीईपीसी के आंकड़े के अनुसार इससे पहले अप्रैल 2020 में रत्न एवं आभूषण निर्यात 273.41 करोड़ रुपये था।