पिछले सत्र में तेज गिरावट के बाद आज भारत में सोने और चांदी की कीमत में तेजी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोन वायदा 0.14 फीसदी बढ़कर 50,544 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि चांदी वायदा 0.9 फीसदी बढ़कर 61,867 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले सत्र में सोना 2.4 फीसदी यानी 1,200 रुपये प्रति 10 ग्राम फिसला था, जबकि चांदी 9.3 फीसदी यानी 6,300 रुपये सस्ती हुई थी।
वैश्विक बाजारों में इतना रहा दाम
वैश्विक बाजारों में पिछले सत्र में सोने की कीमतों में तीन फीसदी से अधिक की गिरावट के बाद आज इसमें बढ़त आई। हाजिर सोना 0.3 फीसदी बढ़कर 1,918.20 डॉलर प्रति औंस हो गया। पिछले सत्र में, सोना एक महीने में सबसे अधिक, यानी 1,882.70 डॉलर तक गिर गया था क्योंकि अमेरिकी डॉलर लगभग छह सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। मजबूत डॉलर सोने को अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए अधिक महंगा बनाता है।
अन्य कीमती धातुओं में चांदी आज 1.1 फीसदी बढ़कर 25 डॉलर प्रति औंस हो गई, प्लैटिनम 0.6 फीसदी बढ़कर 886.20 डॉलर और पैलेडियम 0.5 फीसदी बढ़कर 2,285.44 डॉलर हो गया।
अब तक 26 फीसदी बढ़ी कीमत
सोने का राजनीतिक और वित्तीय अनिश्चितता के समय में सुरक्षित निवेश के रूप में उपयोग किया जाता है, इस वर्ष यह लगभग 26 फीसदी तक महंगा हुआ है। भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।