पिछले सत्र में बढ़त दर्ज करने के बाद भारतीय बाजारों में आज फिर सोने की कीमतों में तेजी जारी रही। एमसीएक्स पर अक्तूबर का सोना वायदा 0.1 फीसदी बढ़कर 50,190 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि चांदी वायदा 0.5 फीसदी बढ़कर 60,730 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
पिछले सत्र में, सोने की कीमतें एक फीसदी यानी 502 रुपये बढ़ गई थीं। चांदी में 1,360 रुपये यानी 2.3 फीसदी की वृद्धि हुई थी। सात अगस्त के 56,200 के अपने उच्च स्तर की तुलना में, सोना 6,000 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे है। विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में चुनौतियों को देखते हुए सोने को निचले स्तर पर समर्थन मिलने की संभावना है।
वैश्विक बाजारों में इतना रहा दाम
वैश्विक बाजारों में, कमजोर अमेरिकी डॉलर ने सोने की कीमतों का समर्थन किया। पिछले सत्र में 1.1 फीसदी बढ़ने के बाद आज हाजिर सोना 0.15 फीसदी बढ़कर 1,883.69 डॉलर प्रति औंस हो गया। अन्य कीमती धातुओं में चांदी आज 0.1 फीसदी गिरकर 23.68 डॉलर प्रति औंस पर आ गई जबकि प्लैटिनम 0.2 फीसदी गिरकर 880.56 डॉलर हो गया।
डॉलर सूचकांक 0.04 फीसदी नीचे
पिछले सत्र में तेज गिरावट दर्ज करने के बाद आज प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले डॉलर सूचकांक 0.04 फीसदी नीचे था। एक कमजोर डॉलर सोने को अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सस्ता बनाता है।
कोटक सेक्योरिटीज ने कहा कि, 'आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता के समय में गोल्ड को सेफ हेवन एसेट माना जाता है। हालांकि वैश्विक जोखिम में बढ़ोतरी हुई है, अब यूएस डॉलर को पसंदीदा सेफ हेवेन एसेट के रूप में देखा जा रहा है और इसने गोल्ड पर दबाव डाला है।'
गोल्ड ईटीएफ इनफ्लो में मामूली उछाल देखा गया। दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड-एक्सचेंज एक्सचेंज ट्रेडेड फंड एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग सोमवार को 0.16 फीसदी बढ़कर 1,268.89 टन हो गई।