गुरुवार को लगातार तीसरे दिन सोने की कीमतों में इजाफा देखने को मिला। हालांकि चांदी का भाव बुधवार को रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद 300 रुपये फिसल गया। हालांकि अभी भी दोनों कीमती धातुओं की कीमत अभी भी 40 हजार रुपये और 51 हजार रुपये के पार बनी हुई हैं।
यह रहा सोने का भाव
गुरुवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोने की कीमत 50 रुपये बढ़ गई। सोना स्टैंडर्ड 50 रुपये चमककर 40,470 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 40,300 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव बिकी। आठ ग्राम वाली गिन्नी 30,700 रुपये पर स्थिर रही।
चांदी में 300 रुपये की गिरावट
ऊंचे भाव पर चांदी की ग्राहकी कमजोर पडऩे से चांदी हाजिर आज 300 रुपये लुढ़ककर 51,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। हालांकि चांदी वायदा 140 रुपये चढ़कर 50,150 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 1,050 और 1,060 रुपये के भाव पर टिके रहे।
वैश्विक बाजार में यह रहा हाल
लंदन और न्यूयॉर्क में सोना हाजिर 9.65 डॉलर लुढ़ककर 1,542.05 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। गत दिवस बीच कारोबार में यह 1,557 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था, जो अप्रैल 2013 के बाद का उच्चतम स्तर है। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी नौ डॉलर टूटकर 1,551.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि चीन और अमरीका के बीच व्यापार युद्ध के सिलसिले में वार्ता की उम्मीद से सोने पर दबाव आया है।