Gold Silver Price: बुधवार को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। सोने का भाव 700 रुपये घटकर 98,420 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं चांदी की कीमत 800 रुपये की गिरावट के साथ 1,04,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई।
कमजोर वैश्विक रुख के बीच बुधवार को राजधानी दिल्ली में सोने का भाव 700 रुपये घटकर 98,420 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 600 रुपये की गिरावट के साथ 98,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। वहीं चांदी की कीमत 800 रुपये की गिरावट के साथ 1,04,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि जुलाई में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के कारण बुधवार को सोने की कीमतों में बिकवाली का दबाव देखा गया। अमेरिकी डॉलर मजबूत बना हुआ है और दो सप्ताह के उच्चतम स्तर के करीब कारोबार कर रहा है। बाजार सहभागियों का अनुमान है कि फेड उच्च आयात करों और लचीले अमेरिकी श्रम बाजार के कारण मुद्रास्फीति में संभावित गिरावट को देखते हुए अधिक ब्याज दरें बनाए रखेगा।
नए व्यापार जोखिमों ने सोने पर डाला असर
वैश्विक स्तर पर सोना हाजिर 11.66 डॉलर या 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,289.81 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। मेहता इक्विटीज के कमोडिटीज उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दर में कटौती की संभावना और नए व्यापार जोखिमों के बीच संतुलन बनाने के कारण सोने की कीमतें 3,300 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गईं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को 1 अगस्त की टैरिफ समय सीमा को बढ़ाने से इनकार कर दिया और व्यापक नए उपायों का अनावरण किया। इसमें तांबे पर 50 प्रतिशत टैरिफ और फार्मास्यूटिकल्स पर संभवतः 200 प्रतिशत शुल्क शामिल है।
निवेशकों को है इनका इंतजार
कलांत्री ने कहा कि टैरिफ से अमेरिकी मुद्रास्फीति बढ़ने की उम्मीद है, जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा और अधिक आक्रामक ढील दिए जाने की संभावना कम हो जाएगी। निवेशक फेड की ब्याज दरों के बारे में और जानकारी के लिए जून FOMC (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक का इंतजार करेंगे।