Gold Silver Price: अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 100 रुपये टूटकर 78,600 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। हालांकि, चांदी की कीमत 500 रुपए की तेजी के साथ 90,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। आइए जानें सर्राफा बाजार का विस्तृत हाल।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 100 रुपये टूटकर 78,600 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह बहुमूल्य धातु 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। हालांकि, चांदी की कीमत 500 रुपए की तेजी के साथ 90,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। पिछली बार इसका भाव 90,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
विज्ञापन
मंगलवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 100 रुपए घटकर 78,200 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में फरवरी का सोना अनुबंध 35 रुपये या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 76,179 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मार्च डिलीवरी वाला चांदी अनुबंध 87 रुपये या 0.1 प्रतिशत घटकर 89,031 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 2,628.30 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर कारोबार कर रहा था।
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (ईबीजी- कमोडिटी व करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा, "छुट्टियों के दौरान कम कारोबार के दौरान सोने में स्थिरता रही और कीमतों में पिछले सप्ताह की गिरावट मजबूत होती दिखी, लेकिन विदेशी बाजार में डॉलर के मजबूत होने से इसमें नरमी रही।"
विज्ञापन
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, क्रिसमस की छुट्टियों से पहले इस सप्ताह ट्रेडिंग वॉल्यूम अपेक्षाकृत शांत बना हुआ है। इस बीच, गांधी ने कहा कि शुक्रवार की गिरावट के बाद अमेरिकी डॉलर में सुधार कीमती धातुओं के लिए प्रतिकूल स्थिति का कारण बन रहा है। हालांकि, विदेशी बाजारों में कॉमेक्स चांदी वायदा 0.13 प्रतिशत गिरकर 30.15 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
मिराए एसेट शेयरखान के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट (फंडामेंटल करेंसीज एंड कमोडिटीज) प्रवीण सिंह ने कहा, "अन्य कमोडिटीज की तरह सोने का कारोबार भी कमजोर लिक्विडिटी की स्थिति के बीच समेकन मोड में है।" सिंह ने कहा कि बाजार सहभागियों को फिलाडेल्फिया फेड गैर-विनिर्माण और रिचमंड विनिर्माण सूचकांक सहित अमेरिकी आंकड़ों का इंतजार रहेगा, जो आगे चलकर सोने और चांदी की कीमतों के बारे में अधिक संकेत देंगे।