फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gold Silver Price: सोने में दो दिन की गिरावट का सिलसिला टूटा, अमेरिकी फेड के फैसले पर टिकी बाजार की नजर

Tue, 17 Dec 2024 06:29 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Gold Silver Price: अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार शादी विवाह के मौसम की मांग को पूरा करने के लिए आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने की कीमतों में तेजी लौटी और यह 950 रुपये की तेजी के साथ 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। आइए जानें सर्राफा बाजार का विस्तृत हाल।
विज्ञापन
सोने-चांदी का भाव - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार शादी विवाह के मौसम की मांग को पूरा करने के लिए आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने की कीमतों में तेजी लौटी और यह 950 रुपये की तेजी के साथ 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

विज्ञापन


इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व, जो मंगलवार को अपनी दो दिवसीय मौद्रिक नीति बैठक शुरू कर रहा है, द्वारा ब्याज दर संबंधी निर्णय की घोषणा किए जाने की उम्मीद है, जिसका अगले वर्ष सोने के समग्र प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ सकता है। सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु 78,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।

चांदी में लगातार तीसरे दिन गिरावट

हालांकि, चांदी में लगातार तीसरे दिन गिरावट जारी रही और यह 1,000 रुपए की गिरावट के साथ 91,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि पिछली बार चांदी का भाव 92,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। इस बीच, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव मंगलवार को 950 रुपये उछलकर 78,900 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह पीली धातु 77,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

व्यापारियों ने कहा कि शादी-ब्याह के मौसम में आभूषण विक्रेताओं की लिवाली से सुरक्षित निवेश के रूप में बहुमूल्य धातुओं की मांग फिर से बढ़ गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 410 रुपये यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,651 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।

विज्ञापन


एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी व करेंसी के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, "फेड की नीति बैठक के परिणाम से बाजार सहभागियों में सतर्कता बढ़ने के कारण कॉमेक्स पर सोने की कीमतों में कमजोरी आई और एमसीएक्स पर भी गिरावट आई।"

ब्याज दरों पर फेड के नीतिगत फैसलों से पहले निवेशक बरत रहे सतर्कता 

उनके अनुसार, वर्ष की अंतिम नीति घोषणा से पहले लॉन्ग पोजीशन में कटौती की गई, इस उम्मीद के साथ कि दरों में कटौती पर आगे का मार्गदर्शन अस्पष्ट रह सकता है। त्रिवेदी ने कहा कि स्पष्टता की कमी ने भावना को प्रभावित किया, खासकर जब डॉलर इंडेक्स ने अपनी ऊपर की गति जारी रखी।

मार्च डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 851 रुपये अथवा 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 90,332 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स सोना वायदा 15.50 डॉलर प्रति औंस या 0.58 प्रतिशत गिरकर 2,654.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

अबान्स होल्डिंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, "अमेरिका में मिश्रित आंकड़ों के कारण भविष्य में ब्याज दरों में कटौती के बारे में अनिश्चितता बढ़ने के कारण सोने की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। विनिर्माण पीएमआई उम्मीद से कमजोर रहा, जबकि सेवा क्षेत्र का पीएमआई पूर्वानुमान से अधिक रहा।"

सोने के बाजार में अल्पकालिक अस्थिरता उत्पन्न होने की आशंका

मेहता ने कहा कि इसके अलावा, व्यापारी अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति घोषणा और परसों 2025 के मौद्रिक दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जबकि साप्ताहिक बेरोजगारी के आंकड़ों पर भी नजर रखेंगे। एशियाई कारोबारी घंटों में चांदी 0.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ 30.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

उन्होंने कहा, "अमेरिका मंगलवार को खुदरा बिक्री और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े जारी करेगा, जिससे सोने के बाजार में अल्पकालिक अस्थिरता उत्पन्न हो सकती है।" एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "हालांकि, बाजार का ध्यान बुधवार को आने वाली फेड के नीतिगत दरों से जुड़े फैसले पर बना हुआ है।"

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें