मंगलवार को सोने और चांदी की कीमत में गिरावट देखने को मिली है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोने में 80 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने का दाम 39,719 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया है। डॉलर के मुकाबले रुपये में आई बढ़त से सोने की कीमत कम हुई है।
पांच सत्रों में 5,000 रुपये गिरी सोने की वायदा कीमत
सोने की वायदा कीमतों में पिछले पांच सत्रों में 5,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। यह इन पांच सत्रों में 44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से लुढ़ककर 39,225 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक आ गया है। कोरोना वायरस प्रकोप के कारण सभी बाजारों में नकदी के संकट के चलते सोने में यह भारी गिरावट देखने को मिली है।
चांदी की कीमत में गिरावट
चांदी की बात करें, तो आज चांदी की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई। चांदी में 734 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट से चांदी का दाम 35,948 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।
इसलिए सस्ता हुआ सोना
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के विश्लेषक ( कमोडिटी ) तपन पटेल ने कहा कि दिल्ली में 24 कैरेट सोना 80 रुपये से सस्ता हुआ है। आज डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे की बढ़त पर कारोबार कर रहा था, जिसकी वजह से सोने के दाम में गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक बाजार में इतना रहा दाम
वैश्विक बाजार की बात करें, तो सोना 1,483 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 12.53 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही थी।
पिछले कारोबारी सत्र के दौरान इतना था दाम
इससे पहले सोमवार को सोने की कीमत में बढ़त देखने को मिली थी। सोने में 455 रुपये की बढ़त आई थी और इसका दाम 41,610 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया था। चांदी की बात करें, तो कल चांदी की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई थी। चांदी में 1,283 रुपये की गिरावट आई थ। इस गिरावट से चांदी का दाम 40,304 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया था। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 455 रुपये से ज्यादा महंगा हुआ था। वैश्विक बाजार की बात करें, तो सोना 1,539 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 15.65 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही थी।