पिछले सत्र में सोने और चांदी की कीमत में बढ़त के बाद आज घरेलू बाजार में गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, कमजोर वैश्विक कीमतों और रुपये में तेजी के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 26 रुपये घटकर 51,372 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। चांदी की बात करें, तो इसका दाम 201 रुपये घटकर 62,241 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।
इसलिए कम हुई कीमत
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमतों में कमजोर वैश्विक कीमतों और रुपये में मामूली बढ़त से 24 कैरेट सोने की कीमत में 26 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।'
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,887 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 22.70 प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे।
मंगलवार को इतनी थी कीमत
मंगलवार को घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमत में बढ़त दर्ज की गई थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में बढ़ोतरी और रुपये में गिरावट से मंगलवार को सोने की कीमत 663 रुपये बढ़कर 51,367 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई थी। वहीं चांदी की कीमत 1,321 रुपये बढ़कर 61,919 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,882 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि चांदी 23.56 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
इस वर्ष 25 फीसदी महंगा हुआ सोना
सोने का राजनीतिक और वित्तीय अनिश्चितता के समय में सुरक्षित निवेश के रूप में उपयोग किया जाता है, इस वर्ष यह लगभग 25 फीसदी तक महंगा हुआ है। भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।