कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। जानलेवा कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ने से घरेलू बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। गिरावट के कारण बाजार में लोअर सर्किट लगा, यानी 45 मिनट के लिए कारोबार बंद कर दिया गया था। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3934.72 अंक यानी 13.15 फीसदी की गिरावट के साथ 25,981.24 के स्तर पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स के इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1135.20 अंक यानी 12.98 फीसदी की गिरावट के साथ 7610.25 के स्तर पर बंद हुआ।
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में निम्नलिखित शामिल हैं-
IRCTC के शेयरों में लोअर सर्किट
आज IRCTC के शेयरों में भी लोअर सर्किट लगा। बाजार खुलने के साथ कंपनी के शेयर पांच फीसदी तक लुढ़ककर 903 रुपये पर आ गए, जिसके बाद कंपनी के शेयरों पर लोअर सर्किट लग गया। ट्रेनों का परिचालन रद्द किए जाने की वजह से आईआरसीटीसी के सभी फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम, जन आहार एवं अन्य सेवाओं को बंद करना पड़ा है। इससे कंपनी की आमदनी पर जबरदस्त असर पड़ना तय है और यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली।
गिरावट के कारण
102 पैसे की भारी गिरावट के बाद बंद हुआ रुपया
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 102 पैसे की भारी गिरावट के बाद 76.22 रुपये प्रति डॉलर (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर तक पहुंच गया। कोराना वायरस को लेकर बढ़ते डर और शेयर बाजार की भारी गिरावट से रुपया नीचे आया है।
कच्चे तेल में भी गिरावट
सोमवार को शेयर बाजार की तरह कच्चे तेल के बाजार में भी हाहाकार देखा गया। एमसीएक्स पर एक्टिव क्रूड ऑइल फ्यूचर का 4 फीसदी का पहला लोअर सर्किट लगा और यह 7.74 फीसदी की गिरावट के साथ प्रति बैरल 1788 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, मेटल, फार्मा, पीएसयू बंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शामिल हैं।
इतना हुआ बाजार पूंजीकरण
सेंसेक्स में तेज गिरावट के कारण बीएसई में कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 10 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई है। शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद मार्केट कैप 116.09 लाख करोड़ रुपए था, जो अब घटकर 105.91 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में कारोबार बहाल होने के बाद भी गिरावट बरकरार रही। सेंसेक्स 3,185.84 अंक लुढ़ककर 26,730.12 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 923.95 अंक का गोता लगाकर 7,821.50 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान लगभग 3,000 अंकों की भारी गिरावट आई थी।