वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण थोड़ी ही देर में बजट पेश करेंगी। आज शनिवार को भी भारतीय शेयर बाजार खुला है। बजट में किए गए एलानों से बाजार की आगे की चाल तय होगी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इसके बारे में आधिकारिक अधिसूचना जारी की थी और बताया था कि अन्य कारोबारी दिनों की तरह शनिवार को भी सेंसेक्स-निफ्टी में कारोबार होगा। भारत में शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहता है। बीएसई की सूचना के अनुसार, एक फरवरी को सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर 3.30 बजे तक कारोबार होगा। एनएसई का भी यह समय रहेगा। इस दौरान निवेशक सामान्य कारोबार कर सकेंगे। बजट के दौरान हमेशा शेयर बाजार खुला रहता है। इस दिन वित्त मंत्री के बजट भाषण से बाजार में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।