मिश्रित वैश्विक संकेतों से आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 39.97 अंक (0.08 फीसदी) की बढ़त के साथ 49,438.26 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12 अंक यानी 0.08 फीसदी की मामूली तेजी के साथ 14,533.20 के स्तर पर खुला।
846 शेयरों में आई तेजी, 345 में गिरावट
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 252.16 अंक या 0.51 फीसदी के लाभ में रहा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 86.45 अंक या 0.60 फीसदी चढ़ गया। आज 846 शेयरों में तेजी आई और 345 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 63 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं क्योंकि ज्यादातर मार्केट विश्लेषकों के अनुसार, कोरोना के चलते इस बार का बजट उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा, जिसकी वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान टाटा स्टील, एचडीएफसी लाइफ, टोटो मोटर्स, विप्रो और एशियन पेंट्स के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं यूपीएल, इंडसइंड बैंक, मारुति, एक्सिस बैंक और अडाणी पोर्ट्स के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज बैंक, ऑटो फाइनेंस सर्विसेज और प्राइवेट बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें आईटी, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी, मेटल, फार्मा, मीडिया और रियल्टी शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 195.13 अंक (0.40 फीसदी) ऊपर 49,593.42 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 74.70 अंक (0.51 फीसदी) ऊपर 14,595.90 के स्तर पर था।
2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर खुला था सेंसेक्स
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 359.64 अंक (0.74 फीसदी) की बढ़त के साथ 48,923.91 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 100.10 अंक यानी 0.70 फीसदी की बढ़त के साथ 14,381.40 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
सकारात्मक वैश्विक रुझानों के बीच मंगलवार को सेंसेक्स 834.02 अंक यानी 1.72 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 49398.29 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 239.85 अंक (1.68 फीसदी) की बढ़त के साथ 14521.15 के स्तर पर बंद हुआ था।