ब्रांडेड स्वर्ण सिक्के बेचने वाली कंपनियों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने ऐसे सिक्कों पर केन्द्रीय उत्पाद शुल्क खत्म कर दिया है। इस पर अभी तक एक फीसदी का केन्द्रीय उत्पाद शुल्क लग रहा था।
इस खबर के उजागर होने के बाद गीतांजलि जेम्स और टीबीजेड जैसी कंपनियों के शेयरों में 8 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) ने ब्रांडेड सोने के सिक्कों पर लगने वाले 1 फीसदी के केन्द्रीय उत्पाद शुल्क को खत्म कर दिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि संगठित कारोबार को बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि उनका कहना है कि 1 फीसदी के केन्द्रीय उत्पाद शुल्क से बहुत असर नहीं पड़ता है, इसलिए इसके खत्म होने से ब्रांडेड सिक्कों की मांग बढ़ने की उम्मीद कम है। लेकिन इससे सोने की तस्करी में कमी आएगी।