सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ। हालांकि आज शेयर बाजार बढ़त पर खुला था लेकिन कारोबार के अंत तक सेंसेक्स-निफ्टी ने अपनी बढ़त गंवा दी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 261.84 अंक यानी 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ 31453.51 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 87.90 अंक यानी 0.95 फीसदी की गिरावट के साथ 9205.60 के स्तर पर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की तेजी पर बंद
घरेलू शेयर बाजार में तेजी तथा कुछ एशियाई मुद्राओं में मजबूती दर्ज होने के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर (अस्थायी) 10 पैसी की तेजी दर्शाता 75.63 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई। बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार की तेजी से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि कोरोना वायरस को लेकर बढ़ती चिंताओं और विदेशी निधियों की सतत धन निकासी के कारण स्थानीय मुद्रा पर कुछ दबाव रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 75.62 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 10 पैसे की तेजी दर्शाता 75.63 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज इंफ्राटेल, एम एंड एम, पावर ग्रिड, ओएनजीसी, रिलायंस, जी लिमिटेड, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, हिंडाल्को और यूपीएल के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं बजाज फाइनेंस, एसबीआई, टाटा मोटर्स, ब्रिटानिया, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिन्सर्व, कोल इंडिया और डॉक्टर रेड्डी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
कोरोना से प्रभावित हो रहा बाजार
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे बाजार में भी गिरावट देखी जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3900 नए मामले सामने आए हैं और 195 लोगों की मौत हुई है। यह संख्या अब तक भारत में सर्वाधिक है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 46,433 हो गई है। जिसमें 32,138 सक्रिय हैं, 12,727 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1,568 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज आंध्र प्रदेश में 67, राजस्थान में 66 और कर्नाटक में आठ नए मामले दर्ज किए गए हैं।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
आज शेयर बाजार बढ़त पर खुला था। सेंसेक्स की शुरुआत 1.36 फीसदी की तेजी के साथ 432.03 अंक ऊपर 32147.38 के स्तर पर हुई थी। वहीं निफ्टी 1.48 फीसदी की बढ़त के साथ 137.55 अंक ऊपर 9431.05 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 2.20 बजे 124.60 अंक (0.39 फीसदी) की तेजी के बाद सेंसेक्स 31839.95 पर और 17.65 अंक (0.19 फीसदी) की तेजी के बाद निफ्टी 9311.15 पर था।
सोमवार को जोरदार गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
सोमवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार जोरदार गिरावट पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 2002.27 अंक यानी 5.94 फीसदी की गिरावट के साथ 31715.35 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 566.40 अंक यानी 5.74 फीसदी की गिरावट के साथ 9293.50 के स्तर पर बंद हुआ था।