देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने मार्च तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस दौरान बैंक के शुद्ध लाभ में 80 फीसदी की तेजी आई और यह 6,450.75 करोड़ रुपये रहा। पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान बैंक को 3,581 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। बैंक के केंद्रीय बोर्ड ने लाभांश की भी घोषणा की है।
चार रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की भी घोषणा
31 मार्च 2021 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के लिए प्रति इक्विटी शेयर पर बैंक चार रुपये का लाभांश देगा। मई 2017 के बाद का यह एसबीआई का पहला भुगतान है। तब बैंक ने शेयरधारकों को 2.6 रुपये प्रति शेयर के साथ पुरस्कृत किया था। बैंक ने कहा कि लाभांश के भुगतान की तारीख 18 जून 2021 तय की गई है।
बैंक ने बताया कि बीते वित्त वर्ष की मार्च तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 81,326.96 करोड़ रुपये हो गई, जो 2019-20 की समान अवधि में 76,027.51 करोड़ रुपये थी। समेकित आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 60 फीसदी बढ़कर 7,270.25 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 4,557.49 करोड़ रुपये था।
बैंक का एकल लाभ वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान 41 फीसदी बढ़कर 20,110.17 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 14,488.11 करोड़ रुपये था।
नेट इंट्रेस्ट इनकम में 19 फीसदी की तेजी
चौथी तिमाही में नेट इंट्रेस्ट इनकम (NII) 27067 करोड़ रुपये रहा। इसमें 19 फीसदी की तेजी आई। पिछले वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 22,767 करोड़ रुपये था। वार्षिक आधार पर बैड लोन के प्रावधानों में गिरावट से लाभ बैंक को लाभ हुआ। बैड लोन के लिए प्रावधान पिछले वर्ष की समान अवधि के 11,840 करोड़ रुपये के मुकाबले 9,914 करोड़ रुपये रहा।
इतना रहा एनपीए
एसबीआई की संपत्ति की गुणवत्ता में तिमाही के दौरान सुधार देखा गया क्योंकि इसकी सकल गैर-निष्पादित संपत्ति (एनपीए), कुल अग्रिमों के फीसदी के रूप में 4.98 फीसदी पर आ गई, जबकि पिछले साल की मार्च तिमाही के दौरान यह 6.15 फीसदी थी। सकल एनपीए 1,26,389 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध एनपीए 1.5 फीसदी पर आया।
देश में एसबीआई की 22,000 से अधिक शाखाएं
देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई की 22,000 से अधिक शाखाएं हैं और 57,889 एटीएम है। 31 दिसंबर, 2020 की स्थिति के अनुसार इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग उपयोग करने वाले ग्राहकों की संख्या क्रमश: 8.5 करोड़ और 1.9 करोड़ है। वहीं बैंक के यूपीआई का उपयोग करने वाले ग्राहकों की संख्या 13.5 करोड़ है।