देश इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है। कोरोना वायरस महामारी ने भारत में अब तक 32 लोगों की जान ले ली है। वहीं, इस वायरस से अब तक 1250 से भी ज्यादा लोग प्रभावित हो चुके हैं। खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने 21 दिनों का लॉकडाउन कर रखा है। इससे भारत की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है, लेकिन प्रधानमंत्री की अपील के बाद अब कंपनियां और लोग मदद के लिए सामने आ रहे हैं। मुश्किल की इस घड़ी में अब SBI के कर्मचारी भी देश के साथ खड़े हो गए हैं।
दरअसल कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए SBI के कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री राहत कोष में 100 करोड़ रुपये का आर्थिक योगदान दिया है। देश की सबसे बड़ी ऋणदाता ने एक बयान में कहा कि उसके लगभग 2,56,000 कर्मचारी अपने दो दिनों के वेतन को 'पीएम केयर्स' फंड में दान करेंगे।
बैंक की तरफ से कहा गया है कि SBI के कर्मचारियों के इस सामूहिक प्रयास और प्रतिबद्धता के कारण प्रधानमंत्री राहत कोष में 100 करोड़ रुपये का योगदान किया जाएगा।
इस पूरे मामले पर SBI के रजनीश कुमार ने कहा, "भारतीय स्टेट बैंक के लिए यह गर्व की बात है कि हमारे सभी कर्मचारी अपनी इच्छा से दो दिन के वेतन को PM CARES फंड में दान करेंगे। इस महामारी के खिलाफ SBI सरकार के साथ खड़ी है और हर चुनौतियों का सामना करने के लिए अपना समर्थन आगे भी जारी रखेगी।"
बैंक की तरफ से आगे कहा गया है कि संकट की इस घड़ी में SBI अपने ग्राहकों को सबसे बेहतर बैंकिंग सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि Covid-19 से मुकाबले के लिए पिछले हफ्ते SBI ने 2019-20 का सालाना प्रॉफिट का 0.25 प्रतिशत अपनी सीएसआर गतिविधियों के हिस्से में दिया है।