भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा रेपो रेट में कटौती की घोषणा के बाद देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने होम लोन में कटौती कर दी है। बैंक ने एमसीएलआर में 15 आधार अंक की कटौती करने की घोषणा की है। 10 अगस्त 2019 से नई दर प्रभावी होगी। एसबीआई ने एमसीएलआर को 8.40 फीसदी से घटाकर 8.25 फीसदी कर दिया है। इससे पहले भी एसबीआई ने अपनी सभी अवधि के कर्ज पर सीमांत लागत में 0.05 फीसदी कटौती की घोषणा की थी।
RBI की घोषणा के बाद आया फैसला
एसबीआई ने यह घोषणा आरबीआई के फैसले के बाद की। आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की समीक्षा बैठक में लगातार चौथी बार रेपो रेट में कटौती की गई है। फैसले के अनुसार रेपो रेट को घटाकर 5.40 फीसदी कर दिया गया है। नौ सालों में पहली बार रेपो रेट इतना कम हुआ है। आरबीआई ने रेपो रेट में 35 आधार अंकों की कटौती की है। इसके साथ ही केंद्रीय बैंक ने रिवर्स रेपो रेट को 5.15 फीसदी कर दिया है। बुधवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी का अनुमान सात फीसदी से घटाकर 6.9 फीसदी कर दिया है।