भारतीय रिजर्व बैंक ने करेंसी चेस्ट का प्रबंधन करने वाले बैंकों से राज्य स्तरीय बैंकर्स कमेटी के संयोजकों को जोड़ने को कहा है। जिससे कि किसानों को उनकी फसल जरूरतों के लिए नकदी की आपूर्ति निष्पक्ष और बेहतर तरीके से हो सके। आरबीआई ने यह निर्देश नोटबंदी के बाद नकदी की कमी को देखते हुए दिया है।
आरबीआई की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि ग्रामीण शाखाओं, डाकघरों तथा डीसीसीबी में नकदी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये बैंकों को सलाह दी जाती है कि वे राज्य स्तरीय बैंकर्स कमेटी के अधीन काम करने वाले जिला समन्वयकों (प्रमुख जिला प्रबंधक) को करेंसी चेस्ट से नकदी के वितरण की योजना में शामिल करें।आरबीआई ने यह भी कहा है कि यह धारणा है कि जिन बैंकों के पास करेंसी चेस्ट है, वे नकद की आपूर्ति अपनी शाखाओं में करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
आरबीआई ने इस तरह की भ्रामक सूचना को दूर करने को कहा है। रिजर्व बैंक की ओर से करेंसी चेस्ट वाले बैंकों को सलाह दी गई है कि वे अन्य बैंक की शाखाओं तथा अपनी खुद की शाखाओं में असमान वितरण की धारणा को दूर करने के लिए पारदर्शी तरीके से काम करें। इससे पहले 22 नवंबर को आरबीआई ने बैंकों से रबी फसल के लिए किसानों को पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने को कहा था।