मुंबई की अदालत ने पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव (पीएमसी) बैंक घोटाले में एचडीआईएल के प्रवर्तकों राकेश वधावन और सारंग वधावन की ईडी हिरासत 24 अक्तूबर तक बढ़ा दी। ईडी ने मंगलवार को दोनों आरोपियों की हिरासत खत्म होने के बाद विशेष पीएमएलए कोर्ट जज पी राजवैद्य के समक्ष पेश किया। एजेंसी ने घोटाले में आगे की पूछताछ के लिए हिरासत बढ़ाने की मांग की। ईडी की वकील कविता पाटिल ने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग में पिता-पुत्र की अहम भूमिका रही है और वह जांच में कई चीजें छिपा रहे हैं। दोनों से कई सवालों को लेकर पूछताछ करनी बाकी है। इसके बाद जज ने दोनों की हिरासत बृहस्पतिवार तक बढ़ा दी।
बैंक के पूर्व निदेशक की पुलिस हिरासत भी बढ़ी
इसके अलावा, मुंबई की अदालत ने पीएमसी बैंक के पूर्व निदेशक सुरजीत सिंह अरोड़ा की पुलिस हिरासत भी 24 अक्तूबर तक बढ़ा दी। अरोड़ा को पिछले हफ्ते मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद अरोड़ा को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एसजी शेख के समक्ष पेश किया गया था।
पूरी तरह सुरक्षित है पैसाः आरबीआई
घोटाले के चलते गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहे पीएमसी के खाताधारकों को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को बड़ी राहत दी है। आरबीआई ने पीएमसी खाताधारकों को भरोसा दिलाया है कि उनका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है।
मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन कर रहे पीएमसी बैंक के खाताधारकों के साथ बैठक में आरबीआई ने यह आश्वासन देते हुए 25 से 27 अक्तूबर तक का समय मांगा है। हालांकि, खाताधारकों ने आरबीआई को 30 अक्तूबर तक का समय पहले ही दिया है। मीडिया रिपोर्टों के हवाले से यह खबर सामने आई है।
एक खाताधारक ने बताया कि आरबीआई ने खाताधारकों के एक समूह से मुलाकात में कहा, वह जल्द ही एक समाधान लेकर आएगा और संभव हुआ तो 25 या 27 अक्तूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस या प्रेस रिलीज के जरिए इस बारे में जानकारी देगा। बताया जा रहा है कि बैठक में रिजर्व बैंक के अधिकारियों का कहना है कि बैंक में खाताधारकों का पैसा पूरी तरह से सुरक्षित है।
बैठक में स्वास्थ्य, विवाह और कर संबंधी खर्चों समेत कुल 19 बिंदुओं पर चर्चा हुई। आरबीआई अफसरों का यह भी कहना है कि पीएमसी बैंक को रिवाइवल पैकेज देने का प्रयास किया जाएगा। खाताधारकों ने पीएमसी बैंक के जिस भी खाताधारक की मृत्यु हुई है उन सभी के परिजन को 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। वहीं, पीएमसी बैंक के खाताधारकों ने इस बार काली दिवाली मनाने का फैसला किया है।