इसके बाद आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि 30 दिन की सीमा अधिकतम है। हम बैंक का बहुत जल्दी समाधान निकालने के लिए एक योजना पर बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। आरबीआई ने गुरुवार को अगले एक महीने के लिए हर अकाउंट से केवल 50,000 रुपये निकालने की सीमा निर्धारित की है।
ऐसे में अगर आपकी यस बैंक से घर की ईएमआई या फिर कोई दूसरी किस्त या सिस्टेमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान ( SIP ) कटती है, तो ये खबर आपके लिए जरूरी है।
अगर आपने किसी अन्य बैंक या किसी एनबीएफसी से लोन लिया है, लेकिन उसकी किस्त यस बैंक से कटती है, तो सबसे पहले अपने बैंक को इसकी जानकारी दें क्योंकि आरबीआई द्वारा उठाए गए कदमों के बाद भी आपकी ईएमआई बंद नहीं होती है। इस स्थिति में आपको बैंक से कुछ महीने की राहत मिल सकती है।
वहीं अगर यस बैंक खाताधारक ने बैंक से ही लोन लिया है, तो ऐसी स्थिति में बैंक आपके डिपॉजिट में से सबसे पहले अपनी किस्त काटेगा और उसके बाद बाकी की रकम आप निकाल पाएंगे। लेकिन अगर ग्राहक के खाते में किस्त के बराबर, या उसकी तुलना में कम फंड है, तो आप पैसा नहीं निकाल सकते हैं।
अगर यस बैंक खाताधारक का अकाउंट एसआईपी और म्यूचुअल फंड से जुड़ा है, और आपका कोई रिडम्पशन यानी एसआईपी बेचकर पैसा आने वाला है, तो ऐसी स्थिति में म्यूचुअल फंड कंपनी ग्राहकों की मदद करने के लिए तैयार हैं। फंड हाउस ने सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि वह अपने ग्राहकों को बैंक बदलने की अनुमति देते हैं। यानी अगर यस बैंक की जगह किसी दूसरे बैंक से आप अपना अकाउंट लिंक करना चाहते हैं, तो यह संभव है।
कोटक एसेट मैनेजमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलेश शाह ने ट्वीट कर कहा है कि जिन ग्राहकों के पास यस बैंक का खाता है, वे अपनी इच्छा से निवेश को बेचने के बाद अपना पैसा किसी अन्य बैंक खाते में डाल सकते हैं।
वहीं अगर यस बैंक में आपका सैलरी अकाउंट खुला है, तो आप सबसे पहले अपने एचआर को सूचित करें। ताकि आपकी अगली सैलरी उस खाते में ना डालकर किसी अन्य खाते में डाल दी जाए। यानी ऐसी स्थिति में आप किसी दूसरे बैंक का खाता सैलरी के लिए दे सकते हैं।
मामले में फोन पे के सीईओ समीर निगम ने ट्वीट कर ग्राहकों को कहा है कि हमें इस लंबी रुकावट के लिए खेद है। हमारे साझेदार बैंक पर आरबीआई द्वारा कई प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। हमारी पूरी टीम ने रात भर सेवाएं जारी रखने के लिए काम किया है। हमें उम्मीद है कि यह कुछ घंटों में ठीक हो जाएगा।