ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय बैंक आए दिन कोई न कोई एलान करते रहते हैं। अब देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने भी एक खास सुविधा की शुरुआत की है। बैंक ने पेंशन खाता रखने वाले पेंशनर्स के लिए एक वेबसाइट 'SBI पेंशन सेवा' लॉन्च की है।
54 लाख पेंशनर्स को सेवाएं देता है एसबीआई
इस वेबसाइट के माध्यम से पेंशन से संबंधित जानकारी को कहीं से भी चेक किया जा सकता है। ग्राहक लॉग इन करके सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। मौजूदा समय में एसबीआई करीब 54 लाख पेंशनर्स को सेवाएं देता है। पेंशन प्रोसेसिंग के लिए एसबीआई ने केंद्र सरकार की एजेंसी (डिफेंस, रेलवे, पोस्टल, टेलिकॉम, सिविल) और राज्य सरकार के विभागों और विभिन्न स्वायत्त संगठनों के साथ गठजोड़ किया हुआ है।
नई वेबसाइट पर निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी-
- कैलकुलेशन शीट्स को डाउनलोड करना
- पेंशन स्लिप/फॉर्म 16 को डाउनलोड करना
- पेंशन प्रोफाइल की जानकारी
- निवेश संबंधी जानकारी
- लाइफ सर्टिफिकेट स्टेटस
- लेनदेन की जानकारी
ऐसे करें रजिस्टर
अगर आप भी इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं, तो आपको पहले खुद को रजिस्टर करना होगा। इसके लिए
https://www.pensionseva.sbi/ पर जाना होगा और ऊपर दिए गए रजिस्ट्रेशन टैब पर क्लिक करना होगा। अब कम से कम पांच कैरेक्टर वाली यूजर आईडी क्रिएट करें। इसके बाद अपना पेंशन खाता नंबर, जन्मतिथि, पेंशन का भुगतान करने वाली बैंक ब्रांच का ब्रांच कोड और ब्रांच में रजिस्टर अपनी ईमेल आईडी डालें। ये जानकारी डालने के बाद नया पासवर्ड डालकर उसे कंफर्म करें।
अब आप कोई भी दो प्रोफाइल प्रश्न चुनकर उनका जवाब दें और भविष्य में रेफरेंस के लिए इसे सेव करें। रजिस्ट्रेशन के बाद पेंशनर की रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर एक मेल भेजा जाएगा, जिसमें खाता एक्टिवेशन के लिए एक लिंक मौजूद होगा। खाता एक्टिव हो जाने पर पेंशनर रजिस्टर्ड आईडी व पासवर्ड से वेबसाइट पर लॉग इन कर सकता है।